हाल ही में पंजाब के सीएम बने भगवंत मान दोबारा शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कहा जा रहा है कॉमेडियन से राजनेता बने भगवंत मान चंडीगढ़ में परिणय सूत्र में बंधेंगे। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी भगवंत मान की शादी समारोह में शामिल होंगे। भगवंत मान 48 साल के हैं और उन्होंने लगभग 4 साल पहले अपनी पहली पत्नी से तलाक ले लिया था। भगवंत मान के दो बच्चे हैं, जो उनकी पहली पत्नी के साथ अमेरिका में रहते हैं।

बताया जा रहा है कि पंजाब के सीएम भगवंत मान जिस लड़की के साथ शादी करने जा रहे हैं उनका नाम डा. गुरप्रीत कौर है। गुरप्रीत कौर हरियाणा के हिसार की रहने वाली हैं। सूत्रों के मुताबिक भगवंत मान और गुरप्रीत कौर पिछले कुछ सालों से काफी नज़दीक थे।

साल 2015 में जब भगवंत मान ने अपनी पत्नी से तलाक लिया था, तो उस वक्त उन्होंने कहा था कि राजनीति में आने की वजह से वह अपने पत्नी को समय नहीं दे पा रहे हैं, जिसके चलते उन्हें अपनी पत्नी से तलाक लेना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह को बिलकुल निजी रखा जाएगा। यह भी बताया जा रहा कि भगवंत मान और गुरप्रीत के बीच पारिवारिक ताल्लुक भी थे।